रोहतास: सोन नदी में बहे व्यक्ति का 15 घंटे बाद भी पता नहीं, एनडीआरएफ की मांग को लेकर सड़क जाम

  • सोन नदी में बहे किसान का 15 घंटे बाद भी सुराग नहीं, उग्र ग्रामीणों ने एनएच-119 किया जाम; NDRF की मांग

  • प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा: सोन नदी में बहे व्यक्ति की तलाश न होने पर डेहरी-बंजारी मार्ग ठप

न्यूज़ डेस्क : रोहतास 

रोहतास थाना क्षेत्र के नगर पंचायत से सटे सोन ढीला खेत से कृषि कार्य कर लौट रहे एक व्यक्ति के सोन नदी की तेज धारा में बह जाने के 15 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। बचाव दल के न पहुंचने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को डेहरी–बंजारी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। आक्रोशित लोग जल्द से जल्द एनडीआरएफ (NDRF) की टीम बुलाकर तलाशी अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं।

पहाड़ी नदी में अचानक आया उफान

लापता व्यक्ति की पहचान नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 निवासी सुदर्शन पासवान के पुत्र जोगेंद्र पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जोगेंद्र पासवान सोमवार को सोन ढीला क्षेत्र में कृषि कार्य निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैमूर पहाड़ी से निकलने वाली आसवानी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया, जिससे सोन नदी का बहाव बेहद तेज हो गया और वे पानी की चपेट में आ गए।

son-river-accident
राहत दल नही पहुंचा तो सड़क पर उतरे नाराज परिजन और ग्रामीण /फोटो – दैनिक भारतवर्ष

प्रशासनिक सुस्ती से भड़के लोग

घटना के लगभग 15 घंटे बीत जाने के बाद भी गोताखोर या राहत दल न पहुंचने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार शाम करीब 3 बजे सड़क जाम कर दी।

लापता जोगेंद्र पासवान के पुत्र उपेंद्र पासवान ने बताया:

“घटना की सूचना सोमवार को ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दे दी गई थी। इसके बावजूद 15 घंटे बीत जाने के बाद भी एनडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके कारण हमें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।”

पुलिस का बयान

मामले पर जानकारी देते हुए रोहतास थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम को भेज दी गई है। बचाव कार्य जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की जा रही है।

Share Now

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top