• HINDI NEWS
  • बिहार
  • तिरंगा यात्रा में शानदार झांकी की गूंज, संत जोसेफ स्कूल की छात्राओं को एसपी ने किया सम्मानित
Image

तिरंगा यात्रा में शानदार झांकी की गूंज, संत जोसेफ स्कूल की छात्राओं को एसपी ने किया सम्मानित

पुलिस अधीक्षक श्री राज ने छात्राओं को दिए प्रशस्ति-पत्र, शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित

न्यूज़ डेस्क : रोहतास | दैनिक भारतवर्ष

डेहरी: रोहतास जिला प्रशासन की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में उत्कृष्ट झांकी प्रस्तुत करने वाली संत जोसेफ स्कूल, सासाराम की छात्राओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डेहरी में आयोजित सम्मान समारोह में रोहतास के पुलिस अधीक्षक श्री राज ने झांकी में शामिल छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके प्रदर्शन की सराहना की।

सम्मान मिलने के बाद छात्राओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। एसपी श्री राज ने छात्राओं से औपचारिक बातचीत के बजाय आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनके नाम, पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, सीईओ और आईपीएस अधिकारी बनने की अपनी इच्छा बताई।

छात्राओं के आत्मविश्वास और उनके निर्धारित लक्ष्यों पर एसपी ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए लगातार मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ अनुशासन, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

एसपी ने बच्चों को राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी के महत्व से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ अच्छा नागरिक बनने की दिशा में भी प्रयास करना जरूरी है। उनके साथ हुए संवाद से छात्राओं को अपने भविष्य के लक्ष्य को लेकर प्रोत्साहन मिला।

तिरंगा यात्रा की उत्कृष्ट झांकी पर छात्राओं को सम्मान
तिरंगा यात्रा में उत्कृष्ट झांकी पर छात्राओं को सम्मानित करते एसपी श्री राज (फोटो/दैनिक भारतवर्ष)

विद्यालय में अभिभावकों और शिक्षकों ने साझा किए विचार

सम्मान समारोह से विद्यालय लौटने के बाद छुट्टी के समय विद्यालय परिसर में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सम्मानित छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई गई और विद्यालय की गतिविधियों को लेकर अभिभावकों ने अपने विचार साझा किए।

अभिभावकों ने कहा कि पढ़ाई के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक समझ और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है।

विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन का जताया आभार

संत जोसेफ स्कूल के निदेशक सह बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने छात्राओं को सम्मानित किए जाने पर पुलिस अधीक्षक श्री राज के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा स्कूली बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सम्मानित करना उत्साहवर्धक पहल है।

संतोष कुमार ने कहा कि इस तरह के सम्मान से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि संत जोसेफ स्कूल आगे भी जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वन विभाग, परिवहन विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों की ओर से आयोजित राष्ट्रीय, सामाजिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करता रहेगा।

सम्मानित छात्राओं में शामिल रहीं

सम्मान पाने वाली छात्राओं में सौम्या कुमारी, आकृति कुमारी, अश्मिता कुमारी, आस्था कुमारी, सृष्टि कुमारी, दीप्ति कुमारी, राज नंदनी, श्रेया कुमारी, शिल्पी कुमारी, आद्या, अदिति कुमारी, पारिशी कुमारी, अनन्या कुमारी, नैना गुप्ता, सुहानी कुमारी, सीमा कुमारी, अनन्या राज, प्रियंका कुमारी, जागृति कुमारी, सेजल कुमारी, मोनाली कुमारी और परी कुमारी वर्मा समेत अन्य छात्राएं शामिल रहीं।

शेयर करें :

यह भी पढ़ें

राघोपुर नाव हादसे के बाद गंगा नदी में राहत और बचाव अभियान

राघोपुर नाव हादसा: गंगा में नाव डूबने से 13 बच्चों की मौत, प्रशासनिक लापरवाही की जांच शुरू

वैशाली के रामपुर श्यामचंद के पास 13 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे हुआ हादसा; छह लोगों को…

रोहतास के उल्हो गांव में पेट्रोल-डीजल की दुकान में आग लगने की घटना

रोहतास में ईंधन की दुकान में भीषण आग, पिता-पुत्री की मौत; मां और मासूम बेटा गंभीर

रोहतास के उल्हो गांव में पेट्रोल-डीजल की खुदरा दुकान में आग लगने से एक परिवार पर टूटा दुखों…

डेहरी के अंबेडकर नगर में नारायण केयर द्वारा आयोजित मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श शिविर

डेहरी के अंबेडकर नगर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, करीब 100 लोगों ने लिया हिस्सा

नारायण केयर की पहल पर आयोजित शिविर में विशेषज्ञों ने मानसिक समस्याओं के लक्षण, समय पर पहचान, देखभाल…

दिल्ली में जंतर-मंतर के स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और CBD ग्राउंड नए प्रदर्शन स्थल निर्धारित

जंतर-मंतर पर अब नहीं होंगे प्रदर्शन! दिल्ली पुलिस ने तय किए तीन नए स्थल

गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के बाद 11 अक्टूबर के आदेश से बदली व्यवस्था; रामलीला मैदान, बुराड़ी…

dainik_bharatvarsh_ad_1920x300

Scroll to Top