अमैसी डिहरा पहुंचकर पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस, दो छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर जताई चिंता
कोचस/रोहतास | दैनिक भारतवर्ष
मझौली गेट के समीप चाट से शुभम कुमार उर्फ बच्चा जी यादव का शव बरामद होने के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने वरिष्ठ समाजसेवी विवेक पांडेय सोनू अमैसी डिहरा पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि पांच दिन पूर्व पुलिस ने मझौली गेट के समीप चाट से अमैसी डिहरा निवासी शुभम कुमार उर्फ बच्चा जी यादव का शव बरामद किया था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आक्रोश व्यक्त किया था। मामले को लेकर परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
उच्च स्तरीय जांच कर मामले का जल्द हो खुलासा
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद विवेक पांडेय सोनू ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच और वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर और असहाय है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच कर दोषियों की पहचान सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना का जल्द से जल्द उद्भेदन होना चाहिए।
दो छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर जताई चिंता
समाजसेवी ने बताया कि मृतक शुभम कुमार के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता की मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ उचित आर्थिक मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि बच्चों के भरण-पोषण और भविष्य को सुरक्षित करने में परिवार को मदद मिल सके।
इस दौरान राहुल पांडेय, संतोष पांडेय सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।















