दिल्ली में पहली बार दिखेगी शाहाबाद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत, 27 अक्टूबर को होगा विशेष आयोजन
न्यूज़ डेस्क : रोहतास | दैनिक भारतवर्ष
विक्रमगंज: शाहाबाद की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को देश की राजधानी दिल्ली में पहली बार व्यापक मंच मिलने जा रहा है। आगामी 27 अक्टूबर को संसद भवन के समीप स्थित मावलंकर कांस्टीट्यूशन क्लब के ऑडिटोरियम में शाहाबाद महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से शाहाबाद क्षेत्र की कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत से देशभर के लोगों को परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस संबंध में शाहाबाद महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने रविवार को विक्रमगंज स्थित नागेन्द्र झा महिला महाविद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शाहाबाद की कला और संस्कृति मानव जीवन को बेहतर बनाने वाली जीवन पद्धति का संदेश देती है। ऐसी गौरवशाली परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
2019 में विक्रमगंज से शुरू हुआ था अभियान
अखिलेश कुमार ने बताया कि शाहाबाद की ऐतिहासिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण तथा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2019 में विक्रमगंज की धरती से शाहाबाद महोत्सव की शुरुआत की गई थी। समय के साथ यह अभियान विस्तार ले रहा है और इसी क्रम में इस वर्ष आयोजन को दिल्ली तक ले जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में महोत्सव आयोजित करने का उद्देश्य शाहाबाद की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना है, ताकि देश-दुनिया के लोग इस क्षेत्र की विरासत से परिचित हो सकें। साथ ही केंद्र सरकार का ध्यान ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन की संभावनाओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास भी किया जाएगा।
विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
आयोजन समिति के अध्यक्ष के अनुसार दिल्ली में होने वाले शाहाबाद महोत्सव में राजनीति, प्रशासन, साहित्य, कला-संस्कृति और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहे लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से शाहाबाद की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को व्यापक मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कई लोगों ने रखे विचार
प्रेस वार्ता के दौरान प्रो. बलिराम मिश्र, मधु उपाध्याय, मदन वैश्य, श्रीनिवास यादव, अमरेन्द्र मिश्रा, विमल कुमार सिंह, प्रो. रविन्द्र सिंह, प्रवीण कुमार, सुभाष तिवारी, अभिषेक कुमार, अनिष कुमार और क्षितिज कुमार सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद् अय्यूब खान ने किया।
दैनिक भारतवर्ष | व्यूज़ नहीं, न्यूज़ की बात















