राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी, हैंडबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
न्यूज़ डेस्क : रोहतास | दैनिक भारतवर्ष
सासाराम: हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत पी एम श्री गांधी स्मारक उच्च माध्यमिक +2 विद्यालय, पचपोखरी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक विनय कुमार के अनुसार, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कबड्डी, हैंडबॉल और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

एथलेटिक्स में रौशन और काजल ने हासिल किया पहला स्थान
एथलेटिक्स की बालक वर्ग प्रतियोगिता में रौशन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अजीत कुमार दूसरे और सूरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं एथलेटिक्स के बालिका वर्ग में काजल कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। ज्योति कुमारी ने द्वितीय तथा दिव्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कबड्डी में रानी लक्ष्मीबाई हाउस की जीत
बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में रानी लक्ष्मीबाई हाउस और कस्तूरबा हाउस के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में रानी लक्ष्मीबाई हाउस ने कस्तूरबा हाउस को 32-27 अंकों से हराकर जीत दर्ज की।
हैंडबॉल में ब्लू हाउस ने मारी बाजी
बालक वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस और ब्लू हाउस के बीच मुकाबला हुआ। ब्लू हाउस के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए ग्रीन हाउस को 5-2 गोल के अंतर से पराजित किया।
विजेता खिलाड़ियों को मेडल और टी-शर्ट देकर किया गया सम्मानित
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें मेडल और टी-शर्ट देकर पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने खिलाड़ियों की खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक हिमांशु शेखर सहित शिक्षक संतोष प्रसाद, दिलीप कुमार, राहुल प्रकाश, शेर बहादुर सिंह, आशा कुमारी, संजना कुमारी, रेखा कुमारी, शिप्रा कुमारी, प्रियंका कुमारी, वेद प्रकाश, मनीष कुमार और विनय कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया।















