• HINDI NEWS
  • बिहार
  • सासाराम मंडल कारा में न्यायमूर्ति राजीव राय ने किया निरीक्षण, तीन नवनिर्मित पार्कों का हुआ उद्घाटन
पटना हाई कोर्ट के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव राय द्वारा मंडल कारा सासाराम के निरीक्षण और तीन पार्कों के उद्घाटन का दृश्य।

सासाराम मंडल कारा में न्यायमूर्ति राजीव राय ने किया निरीक्षण, तीन नवनिर्मित पार्कों का हुआ उद्घाटन

महिला बंदियों के मामलों की ली जानकारी, छोटे एवं कम गंभीर मामलों में पात्र बंदियों की शीघ्र रिहाई पर दिया जोर; जेल की व्यवस्थाओं और रचनात्मक पहल की सराहना की

सासाराम/रोहतास | दैनिक भारतवर्ष

पटना हाई कोर्ट के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव राय ने रविवार को मंडल कारा सासाराम का निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं और सुधारात्मक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में नवनिर्मित आजाद पार्क, उमंग पार्क और आनंद कुटीर का उद्घाटन किया। उन्होंने जेल प्रशासन की ओर से किए जा रहे रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की अच्छी पहल अन्य जेलों में भी अपनाई जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति राजीव राय ने जेल के विभिन्न वार्डों और सुविधाओं का अवलोकन किया। विशेष रूप से महिला वार्ड का निरीक्षण कर वहां रह रही महिला बंदियों से उनके मामलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महिला बंदियों के बीच ऊनी वस्त्रों का वितरण भी किया गया।

न्यायमूर्ति ने छोटे और कम गंभीर मामलों में जेल में बंद महिला बंदियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र बंदियों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर एवं संगीन धाराओं से जुड़े मामलों को छोड़कर अन्य मामलों में नियमानुसार रिहाई की पात्रता रखने वाली बंदियों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उत्पाद मामलों की समीक्षा, डीएलएमसी की बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उत्पाद से संबंधित मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। न्यायमूर्ति ने डालसा सचिव और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि इन मामलों से जुड़े सभी आवश्यक तथ्यों और विवरणों के साथ अगले दिन आयोजित होने वाली जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक (डीएलएमसी) में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि मामलों की स्थिति की समुचित समीक्षा की जा सके।

सफाई और बुनियादी सुविधाओं में सुधार के निर्देश

जेल परिसर की आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए न्यायमूर्ति ने खुली नालियों को तत्काल ढकने, शौचालयों का आवश्यकतानुसार उन्नयन कराने और छतों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को जेल परिसर में पेड़ों की छंटाई कराने तथा हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे उपलब्ध कराने को भी कहा।

बंदियों की शिक्षा, पढ़ाई-लिखाई, शिक्षण व्यवस्था और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेने के बाद उन्होंने इन प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जेल में बंदियों के सुधार, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी बल दिया।

जेल के शांत वातावरण और प्रशासनिक प्रयासों की सराहना

निरीक्षण के बाद न्यायमूर्ति राजीव राय ने मंडल कारा के वातावरण को अच्छा, सुखद और शांतिपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक ने व्यक्तिगत स्तर पर काफी प्रयास किए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव जेल की व्यवस्थाओं और प्रगति में दिखाई देता है। हालांकि, उन्होंने कुछ मरम्मत एवं नवीनीकरण से जुड़े कार्यों पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता भी जताई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

न्यायमूर्ति ने जेल प्रशासन और कर्मियों को बेहतर कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार जारी रखने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रणव कुमार झा, डालसा सचिव कुमार कृष्ण देव, एसडीजेएम नीलेश भारद्वाज, जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय, उपाधीक्षक सीतेश कुमार सिंह, सहायक अधीक्षक सुरेश प्रसाद सहित जेलकर्मी गुड्डू गिरी, सीतेश कुमार एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

शेयर करें :

यह भी पढ़ें

सासाराम में 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले 33 हजार ग्रामीण चिकित्सकों के सम्मान समारोह की प्रेस वार्ता

सासाराम में 6 दिसंबर को जुटेंगे ग्रामीण स्वास्थ्यकर्मी, 33 हजार चिकित्सकों के सम्मान की तैयारी

आर्ष हेल्थ इंडिया फाउंडेशन और शेरशाह हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संयुक्त आयोजन में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार…

चीन को 3-1 से हराकर महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 3-1 से हराकर रचा इतिहास, चौथी बार बनी एशियन चैंपियन

भोपाल में खेले गए फाइनल में भारत ने चीन के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की; दीपिका…

झारखंड के रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो

झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 13 लोगों की मौत; एक गंभीर रूप से घायल

रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू के पास हुआ हादसा, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले…

dainik_bharatvarsh_ad_1920x300

Scroll to Top