कुदरा–पुसौली रेलखंड के ईएल-9 हट से चोरी हुई थी करीब 8 मीटर केबल, ऑटो और चाकू भी जब्त
न्यूज़ डेस्क : रोहतास | दैनिक भारतवर्ष
सासाराम: डीएफसीसीआईएल के कुदरा–पुसौली रेलखंड स्थित ईएल-9 हट की बाउंड्री से केबल चोरी के मामले का आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर दिया है। आरपीएफ पोस्ट सासाराम की टीम ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई करीब 8 मीटर लंबी केबल पूरी तरह बरामद कर ली गई है।
आरपीएफ के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को डीएफसीसीआईएल की ओर से सूचना मिली थी कि ईएल-9 हट की बाउंड्री से लगभग 8 मीटर लंबी एक्सएलपीई 185 स्क्वायर एमएम, 4 कोर एल्युमिनियम केबल चोरी हो गई है। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास जांच के साथ गुप्त निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान आरपीएफ ने तीन संदिग्धों को पकड़ा और उनसे पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पूरी केबल बरामद कर ली गई। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 2,000 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कुमार (18), राकेश कुमार (22), दोनों निवासी चिलबिली, थाना कुदरा, जिला कैमूर (भभुआ), तथा आकाश कुमार सूर्या (24), निवासी कुदरा, जिला कैमूर के रूप में हुई है।
आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की केबल के अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए तीन पहिया ऑटो (BR01PN 7230) और केबल का रबर छीलने में इस्तेमाल किया गया एक चाकू भी बरामद कर जब्त किया है।
आरपीएफ पोस्ट सासाराम में मामला दर्ज
मामले में आरपीएफ पोस्ट सासाराम में मु0अ0सं0 08/26, दिनांक 04.09.2026 के तहत धारा 3 आरपी (यूपी) एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के स्तर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी गई रेल संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी हो सकी। साथ ही, कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल वाहन और उपकरण को भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच के दौरान चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।















