डेहरी-बंजारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेलकप के धनगरबिगहा के पास हुआ हादसा, घायल पति का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
न्यूज़ डेस्क : रोहतास | दैनिक भारतवर्ष
रोहतास थाना क्षेत्र के तेलकप गांव के धनगरबिगहा के समीप शनिवार की देर शाम डेहरी-बंजारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सड़क पर आई भैंस से टकराने से बचने के दौरान बाइक सवार दंपती का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति को गंभीर चोटें आई हैं।
मृतका की पहचान डेहरी के कमरनगंज निवासी जंग बहादुर चौधरी की 32 वर्षीय पत्नी लक्ष्मुनिया देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल महिला के पति को तत्काल तेलकप स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर रोहतास थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया।
रोहतास थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है, जबकि उसके पति को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अचानक सामने आई भैंस से बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दंपती बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान धनगरबिगहा के समीप अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।















