बद्रीनारायण महाविद्यालय में जयंती समारोह के साथ विचार गोष्ठी, राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर हुई चर्चा
न्यूज़ डेस्क : रोहतास | दैनिक भारतवर्ष
दिनारा: बद्रीनारायण महाविद्यालय, इंदौर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में भारत के द्वितीय राष्ट्रपति, महान दार्शनिक एवं शिक्षाविद् भारतरत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के सचिव डॉ. विक्रमा राय, प्राचार्य प्रो. राजदेव सिंह और एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सरोज कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज सचिव डॉ. विक्रमा राय ने की, जबकि संचालन प्राचार्य प्रो. राजदेव सिंह ने किया।
समारोह के दौरान शिक्षाकर्मियों, विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके जीवन, शिक्षा के प्रति समर्पण और दार्शनिक चिंतन को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन मूल्यों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर हुई विचार गोष्ठी
शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका’ विषय पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सरोज कुमार गुप्ता ने विषय प्रवर्तन करते हुए कहा कि राष्ट्र के निर्माण और सामाजिक विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व, कृतित्व और दार्शनिक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा, ज्ञान और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके जीवन आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर विद्यार्थी, स्वयंसेवक और शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभा सकते हैं।
शिक्षा जगत में डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को किया याद
महाविद्यालय के सचिव एवं शिक्षाविद् डॉ. विक्रमा राय ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को महान दार्शनिक, कर्मठ शिक्षक और श्रेष्ठ शिक्षाविद् बताते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन शिक्षा और शिक्षक की गरिमा को समझने तथा उसे समाज में स्थापित करने की प्रेरणा देता है।
समारोह में डॉ. उदय नारायण साह, सीमा कुमारी, उमा प्रसाद, शशांक कुमार, विनोद सिंह, धनजी सिंह, विजय कुमार सिंह, शशि मोहन सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षाकर्मी, विद्यार्थी एवं एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शैक्षणिक एवं दार्शनिक योगदान को याद करते हुए शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।















